
मुरादाबाद की 28 नगर विधानसभा से राजीव गुम्बर ने ठोकी दावेदारी, विकास को बताया पहली प्राथमिकता
मुरादाबाद में नया चेहरा, नई उम्मीद और राष्ट्रवादी सोच के साथ मुरादाबाद की 28 नगर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के नेता राजीव गुम्बर एडवोकेट ने चुनाव लड़ने की दावेदारी पेश की है। भाजपा विधि प्रकोष्ठ के महानगर संयोजक एवं राष्ट्रवादी पंजाबी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव गुम्बर ने शनिवार को मीडिया से बातचीत के दौरान अपनी राजनीतिक मंशा जाहिर की। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य मुरादाबाद का समग्र विकास कराना और जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना है। राजीव गुम्बर ने कहा कि राजनीति उनके लिए जनसेवा का माध्यम है। वे क्षेत्र की जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने, बेहतर शिक्षा व्यवस्था और शहर की मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कार्य करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि विकास, पारदर्शिता और जनहित उनकी प्राथमिकताएं रहेंगी। इस दौरान उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष को केवल आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति करने के बजाय जनता के वास्तविक मुद्दों पर अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता अब खोखले वादों से नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देने वाले विकास कार्यों से जवाब चाहती है। विपक्ष को जनता को यह बताना चाहिए कि उसने अपने कार्यकाल में जनसमस्याओं के समाधान और क्षेत्र के विकास के लिए क्या ठोस कदम उठाए। उन्होंने भरोसा जताया कि जनसेवा और विकास के संकल्प के साथ वे जनता के बीच अपनी बात रखेंगे।
