
अटल आवासीय विद्यालय न केवल शिक्षा का केंद्र हैं बल्कि संस्कार, अनुशासन और आत्मनिर्भरता का भी स्रोत बनेंगेः
मुख्यमंत्री ने अटल आवासीय विद्यालय को बच्चों के साथ की बातचीत, सेल्फी के साथ ऑटोग्राफ भी दिया और चॉकलेट भी बांटी

मुरादाबाद, 6 अगस्त।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को मुरादाबाद में 78.73 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित अटल आवासीय विद्यालय का लोकार्पण किया।
उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं तुष्टीकरण नहीं, संतुष्टीकरण पर आधारित हैं जो बिना भेदभाव के हर व्यक्ति तक पहुंचती हैं।मुख्यमंत्री ने मुरादाबाद के लोगों को रक्षा बंधन, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और घोषणा की कि 8, 9, 10 अगस्त 2025 को प्रदेश की सभी बहनों को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा सुविधा दी जाएगी।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षा बंधन पर्व से ठीक पहले इस शिक्षा केंद्र को मुरादाबाद मंडल के बच्चों और श्रमिक परिवारों को समर्पित करते हुए इसे अटल जी की स्मृति को समर्पित आदर्श शिक्षा मंदिर बताया। उन्होंने कहा कि इस विद्यालय को अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मशताब्दी वर्ष में शुरू किया गया है, जिससे नई पीढ़ी में उनके आदर्श और मूल्य स्थापित हो सकें। सीएम योगी ने बताया कि यह विद्यालय न केवल शिक्षा का केंद्र है बल्कि संस्कार, अनुशासन और आत्मनिर्भरता का भी स्रोत बनेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा बीओसी फंड के सार्थक उपयोग की दिशा में दिए गए निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि अब यह धन श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा पर खर्च हो रहा है।
श्रमिकों के बच्चों की उच्च शिक्षा का भी खर्च वहन करेगी सरकार
मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक प्रदेश में 18 अटल आवासीय विद्यालय स्थापित हो चुके हैं, जहां 18,000 से अधिक श्रमिक और अनाथ बच्चों को पूरी तरह निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल रही है। उन्होंने इसे शिक्षा के प्रति सरकार की अटल प्रतिबद्धता बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा में सरकार ने नकल को समाप्त कर ईमानदार व्यवस्था लागू की है।उन्होंने बताया कि इन अटल आवासीय विद्यालयों में आधुनिक शिक्षण तकनीक, सीनियर-जूनियर हॉस्टल, संपूर्ण आवासीय सुविधा, स्पोर्ट्स, लैब, और कौशल विकास की व्यापक व्यवस्थाएं हैं। कक्षा 12 के बाद उच्च शिक्षा चाहे वो मेडिकल हो या आईआईटी, उसका पूरा खर्च भी सरकार उठाएगी।
आज अपनी विरासत, विकास और शिक्षा पर गौरवान्वित हो रहा उत्तर प्रदेश
सीएम योगी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश न सिर्फ विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है, बल्कि अपनी समृद्ध विरासत पर भी गर्व कर रहा है। उत्तर प्रदेश आज विरासत, विकास, शिक्षा और ‘एक जनपद एक उत्पाद’ जैसे अभियानों से अपनी अलग पहचान बना रहा है। ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन मेडिकल कॉलेज’ के तहत स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में भी प्रदेश एक नई मिसाल बनकर उभरा है।
उन्होंने कहा कि 1.54 लाख जर्जर विद्यालयों को ऑपरेशन कायाकल्प के तहत नया जीवन दिया गया और अब मुख्यमंत्री अभ्युदय विद्यालय की योजना के तहत 57 जनपदों में शिक्षा के मॉडल खड़े किए जा रहे हैं।

सीएम योगी ने बच्चों के साथ खिंचाई सेल्फी, बांटी चॉकलेट
मुरादाबाद मंडल में अटल आवासीय विद्यालय के लोकार्पण कार्यक्रम के अवसर पर सीएम योगी ने क्लासरूम में जाकर बच्चों से बातचीत भी की। खासकर उन्होंने बालिकाओं से यहां दी जा रही सुविधाओं को लेकर बातचीत की। कुछ बच्चियों को उन्होंने ऑटोग्राफ भी दिया। उन्होंने सभी बच्चों को अपने हाथों से चॉकलेट बांटी और फिर अंत में उन्होंने बच्चों के साथ सेल्फी भी ली।


अटल आवासीय विद्यालय मुरादाबाद की विशेषताएं
अटल आवासीय विद्यालय मुरादाबाद उत्तर प्रदेश सरकार की दूरदर्शी और समर्पित योजना का उत्कृष्ट उदाहरण है। यह शिक्षा, अनुशासन और समग्र विकास के लिए एक आदर्श वातावरण प्रदान करता है। यह विद्यालय कुल 13.5 एकड़ भूमि पर विकसित किया गया है, जिसकी कुल निर्माण लागत 78.73 करोड़ रुपए रही है। विद्यालय में 1000 छात्र छात्राओं की आवासीय क्षमता है, जिसमें वित्तीय वर्ष 2025-26 में 640 छात्र-छात्राएं सम्मिलित किए जाएंगे। आधुनिक शैक्षणिक अधोसंरचना से युक्त इस परिसर में 28 स्मार्ट क्लासरूम, 11 प्रयोगशालाएं (लैब्स) और समृद्ध लाइब्रेरी व 6 ट्यूटोरियल कक्ष शामिल हैं। छात्रावास सुविधाओं की बात करें तो सीनियर गर्ल्स और सीनियर बॉयज हॉस्टल में प्रत्येक में 300-300 बेड, जबकि जूनियर गर्ल्स और बॉयज के लिए 200-200 बेड की डॉर्मिटरी की व्यवस्था की गई है। कर्मचारियों और शिक्षकों के लिए टाइप-1 और टाइप-2 के दो रेजीडेंशियल ब्लॉक में प्रत्येक में 6-6 फ्लैट्स, तथा टाइप-3 (ए, बी, सी) श्रेणी के आवासों में कुल 30 फ्लैट्स का प्रावधान है। परिसर में ही प्रिंसिपल का आवास भी उपलब्ध कराया गया है। विद्यालय में 100 किलोवाट क्षमता का ऊर्जा संरक्षण सिस्टम (ESS) स्थापित किया गया है, जिससे ऊर्जा की सतत आपूर्ति सुनिश्चित होती है। इसके अतिरिक्त, छात्रों की सुविधाओं के मद्देनजर गर्ल्स और बॉयज के लिए अलग-अलग मेस की व्यवस्था भी की गई है, जिससे छात्राओं और छात्रों को सुरक्षित, स्वच्छ और संतुलित भोजन की सुविधा मिल सके।
इस अवसर पर श्रम एवं सेवायोजन तथा समन्वय मंत्री अनिल राजभर, सदस्य विधान परिषद भूपेन्द्र सिंह चैधरी, जिला अध्यक्ष भाजपा आकाश पाल, जिला प्रभारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, प्रमुख सचिव नगर विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन श्री अमृत अभिजात सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारीगण उपस्थित रहें।


मुरादाबाद शहर में नगर निगम द्वारा तैयार संविधान साहित्य वाटिका का भ्रमण।
मा0 मुख्यमंत्री जी ने मुरादाबाद शहर में नगर निगम मुरादाबाद द्वारा तैयार कराई गई संविधान साहित्य वाटिका का भ्रमण किया।
संविधान साहित्य वाटिका में विभिन्न आकर्षक एवं प्रेरणादाई कार्यों के बारे में महापौर श्री विनोद अग्रवाल और नगर आयुक्त श्री दिव्यांशु पटेल ने जानकारी दी। मुख्यमंत्री जी ने बाबा साहब भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा संविधान साहित्य वाटिका में कराए गए कार्यों की सराहना की।


मुख्यमंत्री ने मुरादाबाद में किया 1172 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभार्थियों को किया सम्मानित
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न योजनाओं से संबंधित स्टॉल और प्रदर्शनी का मुख्यमंत्री ने किया अवलोकन

मा0 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुरादाबाद शहर स्थित 24वीं वाहिनी पीएससी मैदान में आयोजित भव्य कार्यक्रम के दौरान 1,172 करोड़ की 87 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में रक्षाबंधन और काकोरी ट्रेन एक्शन की स्मृति को जोड़ते हुए कहा कि 9 अगस्त को रक्षाबंधन के साथ-साथ काकोरी ट्रेन एक्शन का पावन दिवस भी है। उन्होंने रामप्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्लाह खान, रोशन सिंह, राजेंद्र प्रसाद लाहिड़ी और चंद्रशेखर आजाद जैसे क्रांतिकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने मुरादाबाद की हस्तकला को वैश्विक मंच पर ले जाने के लिए डबल इंजन सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि मुरादाबाद अब अपनी उत्कृष्ट हस्तकला और वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) योजना के तहत ब्रॉस आइटम के लिए विख्यात है। योगी ने बताया कि मुरादाबाद आज 11 से 15 हजार करोड़ रुपये के उत्पादों का निर्यात कर रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मूर्त रूप देने का श्रेय मुरादाबाद के कारीगरों को दिया।
उन्होंने अपील की कि त्योहारों पर ओडीओपी उत्पादों को उपहार में देकर स्थानीय कारीगरों को बढ़ावा दें।
उन्होंने स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील करते हुए कहा कि स्थानीय सामान खरीदने से उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और हस्तशिल्पियों को लाभ होगा।


उन्होंने कहा कि मुरादाबाद का हुनर डबल इंजन सरकार के मंच से विश्व स्तर पर पहुंच रहा है। यह आत्मनिर्भर भारत और वोकल फॉर लोकल की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक कदम है।
1,172 करोड़ की 87 परियोजनाओं में 640 करोड़ की 60 परियोजनाओं का लोकार्पण और 532 करोड़ की 27 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
मुख्यमंत्री द्वारा इस अवसर पर बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया साथ ही कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न योजनाओं से संबंधित स्टॉल और प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दौरान दृष्टिबाधित छात्रा कुमारी ऊषा द्वारा ब्रेल लिपि में लिखी कविता मेरा राज्य, प्यारा राज्य को ग्रहण किया और उन्हें ढेर सारा आशीर्वाद दिया। उन्होंने वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) योजना के तहत स्वाति वर्मा को मेटल वर्क के लिए 50 लाख रुपये का डेमो चेक प्रदान किया। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत सुश्री शुभ्रा को सैलून चेक के लिए 25 लाख, मनोज कुमार को ऑनलाइन एजुकेशन सेंटर के लिए 5 लाख, योगेंद्र कुमार को गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग के लिए 5 लाख, हिमांशु घोष को एक्वेरियम बनाने के लिए 5 लाख, अंकित कुमार सिंह को टेंट हाउस सर्विस के लिए 5 लाख, लक्ष्य सैनी को क्लोथ मैन्युफैक्चरिंग के लिए 5 लाख, कुमारी सोनम को साइबर कैफे के लिए 5 लाख और गीता रानी को बुटीक खोलने के लिए 4.5 लाख रुपये का डेमो चेक दिया। साथ ही, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत शन्नू बेग को और मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत ममता को आवास की चाबी सौंपी गई। इसके अलावा, निःशुल्क स्मार्टफोन और टैबलेट योजना के तहत अंकित और श्रद्धा को टैबलेट प्रदान किए गए। साथ ही राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन स्वयं सहायता समूह दीदी के लिए 7.89 करोड़ का डेमो चेक प्रदान किया। वहीं रविता को लखपति दीदी के लिए सम्मान पत्र प्रदान किया।
इस अवसर पर श्रम एवं सेवायोजन तथा समन्वय मंत्री अनिल राजभर, नगर विधायक रितेश गुप्ता, विधायक कुन्दरकी रामवीर सिंह, महापौर विनोद अग्रवाल, सदस्य विधान परिषद प्रदेश भूपेन्द्र सिंह चैधरी, डा0 जयपाल सिंह व्यस्त, डा0 हरिसिंह ढिल्लो, गोपाल अंजान, सतपाल सिंह, जिला अध्यक्ष भाजपा आकाश पाल, महानगर अध्यक्ष गिरिश भंडूला, मण्डलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह, जिलाधिकारी अनुज सिंह, नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल सहित अन्य अधिकारीगण एवं जनप्रतिनिधिगण आदि उपस्थित रहें।
