



मुरादाबाद शहर स्थित भातू कॉलोनी एवं हबूड़ा बस्ती को आदर्श कॉलोनी के रूप में विकसित करने के अभियान में आएगी तेजी, शहर विधायक, जिलाधिकारी और एसएसपी ने किया निरीक्षण।
माननीय मुरादाबाद शहर विधायक श्री रितेश गुप्ता, जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री सतपाल अंतिल ने मुरादाबाद शहर स्थित भातू कॉलोनी एवं हबूड़ा बस्ती का स्थलीय निरीक्षण कर वहां संचालित विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने बताया कि पिछले लगभग डेढ़ वर्ष से इस क्षेत्र को आदर्श कॉलोनी के रूप में विकसित करने के लिए विभिन्न विभागों द्वारा समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं। इस अवधि में क्षेत्र में सड़क, नाली, सीवर सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास संबंधी महत्वपूर्ण कार्य संपन्न कराए गए हैं। साथ ही यहां लंबे समय से संचालित अवैध नशे के कारोबार के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए उसे पूरी तरह समाप्त किया गया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन की सतत पहल और जनसहयोग के परिणामस्वरूप क्षेत्र के निवासी अब मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं तथा उन्हें शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित करते हुए कहा कि पात्र परिवारों को उनकी पात्रता के अनुसार विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया जाए।
उन्होंने पूर्ति विभाग को निर्देश दिए कि राशन कार्ड से वंचित पात्र परिवारों का चिन्हांकन कर उन्हें खाद्यान्न सुरक्षा से संबंधित योजना से जोड़ा जाए। समाज कल्याण विभाग को वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन सहित अन्य पेंशन योजनाओं के लिए पात्र व्यक्तियों का सर्वेक्षण कर लाभ दिलाने के निर्देश दिए। वहीं बेसिक शिक्षा विभाग को इस क्षेत्र के बच्चों के नामांकन एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के संबंध में निर्देशित किया।
निरीक्षण के दौरान कॉलोनी में जर्जर विद्युत तारों एवं अव्यवस्थित विद्युत खंभों की स्थिति पर संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को तत्काल आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही नगर निगम को नियमित सफाई व्यवस्था, स्वच्छता एवं अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए निर्देशित किया गया।
माननीय विधायक श्री रितेश गुप्ता ने कहा कि भातू कॉलोनी एवं हबूड़ा बस्ती को आदर्श कॉलोनी के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके लिए सभी विभागों के सहयोग से निरंतर कार्य किया जा रहा है ताकि क्षेत्र के निवासियों को बेहतर जीवन स्तर एवं आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस आदर्श कॉलोनी के विकास में और अधिक तेजी लाई जाएगी तथा विकास कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के लिए साप्ताहिक निरीक्षण भी किया जाएगा।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (नगर), उप जिलाधिकारी सदर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
