• Mon. Jun 22nd, 2026

Master Yug

Newspaper

Top Tags

मुरादाबाद जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक समीक्षा बैठक सम्पन्न।

ByAdmin Masteryug

Jun 22, 2026

जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक समीक्षा बैठक सम्पन्न।

सड़क सुरक्षा से जुड़े प्रकरणों के निस्तारण में लाई जाए तेजी, ओवरलोड वाहनों पर हो प्रभावी कार्रवाई : जिलाधिकारी

जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि हिट एंड रन के अंतर्गत लंबित जांच प्रकरणों के निस्तारण में तेजी लाई जाए तथा पीड़ितों को समयबद्ध न्याय सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने टोल प्लाजा से गुजरने वाले ओवरलोड वाहनों की सख्त निगरानी करने तथा ऐसे वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवैध कटों को बंद किए जाने की समीक्षा के दौरान परियोजना निदेशक, एनएचएआई द्वारा अवगत कराया गया कि छह चिन्हित अवैध कट बंद कर दिए गए हैं। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि इन सभी स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराए जाएं, जिससे भविष्य में पुनः अवैध कट बनाए जाने की स्थिति में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा सके। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि मुरादाबाद शहर के प्रमुख मार्गों एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में स्थापित विद्युत पोलों का सत्यापन कराया जाएगा। इसके लिए उन्होंने एसपी ट्रैफिक, एसपी सिटी, अधीक्षण अभियंता विद्युत, अधिशासी अभियंता विद्युत, संबंधित एसडीओ तथा लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता की संयुक्त टीम गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भविष्य में नए विद्युत पोल स्थापित करने से पूर्व संबंधित उप जिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी पुलिस से भी समन्वय स्थापित किया जाए। आगामी वर्षा ऋतु के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को विशेष अभियान चलाकर झुके एवं क्षतिग्रस्त पोलों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्युत पोलों पर नियमानुसार सुरक्षा हेतु पॉलिथीन कवर तथा रिफ्लेक्टर टेप लगाए जाएं, जिससे करंट से होने वाली दुर्घटनाओं एवं सड़क हादसों की संभावनाओं को कम किया जा सके।
जिलाधिकारी ने रेलवे स्टेशन मुरादाबाद के बाहर मुख्य मार्ग के किनारे संचालित निजी बस अड्डे को बंद कराने के संबंध में मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के सचिव को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि शॉपिंग कॉम्प्लेक्स एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों द्वारा निर्धारित मानकों के अनुपालन का सत्यापन भी सुनिश्चित किया जाए। बैठक के दौरान पांच या अधिक चालान वाले वाहनों के लाइसेंस संबंधी विवरण प्रस्तुत न किए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की तथा एआरटीओ को चेतावनी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में निर्देशों का गंभीरतापूर्वक अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। बैठक में एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह, सचिव एमडीए पंकज वर्मा, एसपी ट्रैफिक सुभाष चंद्र गंगवार, एडीएम वित्त एवं राजस्व श्रीमती ममता मालवीय, सीएमओ डॉ. कुलदीप सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट युवराज सिंह सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *