
मास्टर युग ✍️
उत्तर प्रदेश मुरादाबाद जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने तेंदुए को रेस्क्यू करने के लिए वन विभाग की तैयारियों का किया निरीक्षण क्षेत्र में 16 रेस्क्यू पिंजरे लगाए गए, थर्मल ड्रोन एवं ट्रैंक्विलाइजिंग टीमें सक्रिय
जनपद मुरादाबाद जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने तहसील ठाकुरद्वारा के ग्राम लालापुर पीपलसाना क्षेत्र में सक्रिय तेंदुए को रेस्क्यू करने के लिए वन विभाग द्वारा की गई तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था एवं वन विभाग की टीमों की तैनाती के संबंध में जानकारी ली।
वन विभाग द्वारा तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू करने के लिए क्षेत्र में 16 रेस्क्यू पिंजरे लगाए गए हैं। इसके साथ ही तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए थर्मल ड्रोन तथा आवश्यकता पड़ने पर तेंदुए को सुरक्षित रूप से नियंत्रित करने के लिए ट्रैंक्विलाइजिंग टीमें भी सक्रिय की गई हैं।
स्थलीय निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि तेंदुए को रेस्क्यू करने के लिए आवश्यकतानुसार रेस्क्यू पिंजरों एवं टीमों की संख्या बढ़ाई जाए तथा सभी टीमें आपसी समन्वय के साथ पूरी सतर्कता से कार्य करें। उन्होंने निर्देशित किया कि तेंदुए को यथाशीघ्र सुरक्षित रूप से रेस्क्यू करने के लिए सभी आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

इसके उपरांत ग्रामीण जनों के साथ आयोजित चौपाल में जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि तेंदुए को रेस्क्यू करने के लिए वन विभाग की टीमें लगातार सक्रिय हैं। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि वे रेस्क्यू अभियान में सक्रिय टीमों को आवश्यक सहयोग प्रदान करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि प्रशासन एवं वन विभाग द्वारा क्षेत्र में आवश्यक सुरक्षा एवं रेस्क्यू व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को क्षेत्र में सतर्कता बनाए रखने तथा रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान ग्रामीणों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ), उप जिलाधिकारी ठाकुरद्वारा, क्षेत्राधिकारी ठाकुरद्वारा, वन रेंजर सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
